अनुपस्थित विभागीय कर्मियों पर जताई गई नाराजगी
मनिका (लातेहार)। संतोष प्रसाद
मनिका प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी ने की। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से सदन के समक्ष रखा।
बैठक में मांग की गई कि वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जिन लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है, उनकी सूची चार दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए। वहीं पशुपालन विभाग में दवाओं की कमी को लेकर जिला स्तर से शीघ्र दवा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
पंचायत समिति सदस्यों ने शिक्षा विभाग की नियमित समीक्षा के लिए एक जांच समिति के गठन की मांग की, जो प्रत्येक दो महीने में विभागीय कार्यों की समीक्षा करे। साथ ही सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत मेनू के अनुसार बच्चों को भोजन मिल रहा है या नहीं, इसकी जांच कराने पर भी चर्चा की गई।
अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी
बैठक में कई विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिसके कारण विभागीय कार्यों से जुड़े सवालों के संतोषजनक उत्तर नहीं मिल सके। इस पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही।
बीडीओ ने दी सख्त चेतावनी
बैठक में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपस्थित प्रमुख लोग
बैठक में
विधायक प्रतिनिधि दारोगी प्रसाद यादव,
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान,
प्रखंड सांसद प्रतिनिधि अंकित कुमार,
कांग्रेस महिला प्रखंड अध्यक्ष पुनीता देवी,
पंचायती राज पदाधिकारी आत्मा सिंह,
पंचायत सेवक अर्जुन लकड़ा, विक्की गुप्ता,
सभी पंचायतों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।