11 दिसंबर को ऑडियो व फोन कॉल से दो करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, व्यापारियों में दहशत
चतरा। चतरा जिले के हंटरगंज निवासी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता, चर्चित समाजसेवी एवं पूर्व मुखिया प्रेमचंद सिंह उर्फ प्रेम सिंह को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा जान से मारने की खुली धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद हंटरगंज प्रखंड सहित पूरे जिले के व्यवसायियों और समाजसेवियों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर को प्रेम सिंह के व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से ऑडियो क्लिप भेजी गई, साथ ही फोन कॉल कर उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई। ऑडियो क्लिप में रंगदारी नहीं देने पर हत्या कराने और “खोपड़ी खोल देने” जैसी धमकियां दी गई हैं।
प्रेम सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए दुबई से कॉल करने की बात कही। व्हाट्सएप ऑडियो के साथ-साथ बार-बार फोन कॉल कर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
धमकी मिलने के बाद प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित ऑडियो क्लिप और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
इस मामले ने यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर गैंगस्टर प्रिंस खान का स्लीपर सेल कौन है, जो चतरा जैसे जिले में खुलेआम धमकी देकर पुलिस-प्रशासन को चुनौती दे रहा है।
हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बुधवार को बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और आरोपी प्रिंस खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ऑडियो क्लिप और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा शीघ्र ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस हाई-प्रोफाइल मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है, वहीं गैंगस्टर की धमकी के बाद जिले के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और अधिक गहरी होती जा रही है।