- यादव महासभा की बैठक में शिक्षा, दहेज उन्मूलन, नशा-मुक्त समाज और सामाजिक एकता पर जोर
पंकज कुमार यादव,
गारू :- आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव (16 अगस्त 2025, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लातेहार, रात 9 बजे से) को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को यादव महासभा प्रखंड इकाई गारू द्वारा प्रखंड के बारेसाँढ़ स्थित यादव मोड़ में एक सामाजिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता गारू यादव महासभा के अध्यक्ष रामदास यादव ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह पर्यवेक्षक वृन्द बिहारी यादव ने किया। बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और शिक्षा, एकता तथा सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष वृन्द बिहारी यादव ने कहा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। हमें अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। साथ ही, दहेज प्रथा और नशा जैसी बुराइयां समाज की जड़ें खोखली कर रही हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हमें संकल्प लेना होगा कि हम नशा और दहेज जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाएंगे और एकजुट होकर इनके खिलाफ लड़ेंगे।चर्चा के दौरान बारेसाँढ़ में यादव भवन के निर्माण को लेकर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई और जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज के लिए एक स्थायी सामुदायिक स्थल उपलब्ध हो सके।
बैठक में वक्ताओं ने दहेज प्रथा को समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, नशा-मुक्त समाज बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की गई।
जन्माष्टमी महोत्सव को सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बनाने के लिए कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक प्रवचन आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिससे समाज में भाईचारा और सद्भावना का संदेश पहुंचे.
मौके पर दामोदर यादव, पर्यवेक्षक वृन्द बिहारी यादव, रामदास यादव, तुलसीदास यादव, सुरेश यादव, धनेश्वर यादव, सुरेन्द्र यादव, शिवनारायण यादव, अखिलेश यादव, दिलेश्वर यादव, पारस यादव, कमलेश यादव, गणेश यादव, नन्दलाल यादव, संजय यादव, रंजन यादव, अशोक यादव, कौशल यादव, विमल यादव, रामदयाल यादव,बलराम यादव, अरुण यादव, सुरेंद्र यादव समेत अन्य स्वजातीय लोग मौजूद रहे ।