- 36.70 लाख की लागत से बनेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य इकाई
बरहरवा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, बरहरवा में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. पी.के. संथालिया और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया गया।
इस स्वास्थ्य इकाई के निर्माण पर कुल 36 लाख 70 हजार 888 रुपये की लागत आएगी। यह योजना राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाना है।
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने मौके पर कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर स्तर पर गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य सेवा, सड़क, बिजली, पानी और सिंचाई जैसे बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारी योजनाएं अब सिर्फ कागज़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धरातल पर भी दिख रही हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट एक आधुनिक स्वास्थ्य तंत्र के रूप में कार्य करेगी, जो क्षेत्रीय स्तर पर महामारी नियंत्रण, टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य निगरानी और आपात सेवाओं के समन्वय में सहायक सिद्ध होगी। इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़ी अनेक समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में नेहाल अख्तर, भोलानाथ महतो, मिथुन मंडल, अनंत लाल भगत, मनोज घोष, विष्णु मॉल, शरीक रब्बानी, अजीत कुमार रॉय, दीपक महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।