पंकज कुमार यादव,
लातेहार जिले के गारू प्रखंड अंतर्गत बारेसांड गांव में चैती छठ महापर्व का पारण आज सुबह अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांतिऔर समृद्धि की मंगलकामना की।
सुबह की पहली किरण के साथ ही गांव के छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सिर पर पूजा की डाला लिए महिलाएं पारंपरिक वस्त्रों में सज-धज कर घाट क ओर प्रस्थान करती नजर आईं।
हर ओर छठी मैया के गीतों की गूंज थी, जो वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना रही थी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर गजब का उत्साह देखा गया।
व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरी आस्था और नियमों के साथ निभाया। अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का विधिवत पारण किया गया।
पूजा में ठेकुआ, गुड़-चावल की खीर, नारियल, फल-फूल और गन्ना जैसे पारंपरिक प्रसाद का उपयोग किया गया, जिसे व्रतियों ने बड़े ही श्रद्धा से चढ़ाया।
इस मौके पर स्थानीय लोगों ने मिलकर छठ घाट की सफाई, सजावट और पूजा की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दीपों की रोशनी और कलशों से सजे घाटों ने पूरे माहौल को और भी दिव्य रूप दे दिया।