35 गांवों के 5,070 परिवारों के विस्थापन का विरोध, संयुक्त ग्रामसभा ने सौंपा ज्ञापन
NTCA का पुनर्वास आदेश वापस लेने की मांग, ग्रामसभा की सहमति और वन अधिकारों को सुनिश्चित किए बिना विस्थापन का विरोध
गारू:-लातेहार। पलामू व्याघ्र परियोजना के कोर क्षेत्र में बसे गांवों के प्रस्तावित विस्थापन को लेकर ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया है। इस संबंध में संयुक्त ग्रामसभा ने अनुमंडल पदाधिकारी, महुआडांड़ के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा 19 जून 2024 को जारी विस्थापन एवं पुनर्वास आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पलामू टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले 35 गांवों के लगभग 5,070 परिवार प्रस्तावित पुनर्वास प्रक्रिया से प्रभावित हो सकते हैं। ग्रामसभा का आरोप है कि विस्थापन की प्रक्रिया में वन अधिकार अधिनियम, 2006, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 तथा भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है।
पलामू व्याघ्र परियोजना से विस्थापन के विरोध में संयुक्त ग्रामसभा, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
संयुक्त ग्रामसभा ने आठ सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए NTCA के विस्थापन आदेश को वापस लेने, प्रस्तावित विस्थापन प्रक्रिया पर रोक लगाने और प्रभावित गांवों में वन अधिकारों की मान्यता सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामसभा ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कानूनों के प्रावधानों और ग्रामसभा की सहमति के बिना किसी भी गांव को विस्थापित नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा कथित रूप से कानूनों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, पलामू व्याघ्र परियोजना के निदेशक और लातेहार उपायुक्त समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
![]()