फरक्का में दो देशी पिस्टल के साथ बिहार के दो युवक गिरफ्तार
मालदा से बिहार जा रहे थे दोनों आरोपी, एनएच-12 पर पुलिस की नाकेबंदी में पकड़े गये; हथियारों के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने के लिए एक सप्ताह की रिमांड की तैयारी
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
फरक्का : फरक्का में अवैध हथियारों की आवाजाही पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार की देर रात न्यू फरक्का मोड़ स्थित एनएच-12 पर पुलिस की नाकेबंदी में दोनों पकड़े गये। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हथियारों की तस्करी और अवैध आपूर्ति को लेकर कई सवाल खड़े हो गये हैं। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और उनके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, तलाशी में मिले हथियार
फरक्का थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक मालदा से फरक्का होते हुए बिहार जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने न्यू फरक्का मोड़ के पास एनएच-12 पर नाका चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली गयी, तो दो देशी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
पीरपैंती के रहने वाले हैं गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभात रंजन कुमार (28) और मिठुन कुमार (29) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पीरपैंती के निवासी हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि हथियार कहां से हासिल किये गये थे और इन्हें बिहार ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था।
एक सप्ताह की रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
फरक्का थाना के आईसी अमित बनर्जी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष नाका चेकिंग अभियान चलाया गया था। मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस उन्हें एक सप्ताह की रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है। रिमांड के दौरान हथियारों की खरीद-बिक्री, आपूर्ति के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जायेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
![]()