झारखंड से बांग्लादेश भेजे जा रहे आठ मवेशी बरामद, दो कथित तस्कर गिरफ्तार
नलहाटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीरभूम-मुर्शिदाबाद के रास्ते सीमा पार कराने की थी तैयारी; वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर हुई गिरफ्तारी

रिपोर्ट:निशांत कुमार सानू,
नलहाटी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीरभूम-मुर्शिदाबाद के रास्ते सीमा पार कराने की थी तैयारी; वैध कागजात नहीं मिलने पर दबोचे गये दोनों आरोपी
नलहाटी। झारखंड से मवेशियों को लाकर पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने की कथित तस्करी का मामला सामने आया है। बीरभूम जिले की नलहाटी थाना पुलिस ने बुधवार शाम लोहापुर-ओमरपुर सड़क स्थित बारा उन्नीसपाड़ा इलाके में छापेमारी कर आठ मवेशियों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नलहाटी थाना क्षेत्र के बिरल चौकी गांव निवासी आसमत मोल्ला और साबेर अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों झारखंड से मवेशियों को लाकर बीरभूम और मुर्शिदाबाद के रास्ते बांग्लादेश सीमा तक पहुंचाने की फिराक में थे। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में कथित पशु तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गयी है।

गुप्त सूचना मिलते ही हरकत में आयी पुलिस
नलहाटी थाना पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-14 पर गश्त के दौरान सूचना मिली कि लोहापुर-ओमरपुर सड़क के बारा उन्नीसपाड़ा इलाके से मवेशियों को लेकर कुछ लोग गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित मार्ग पर अभियान चलाया और संदिग्धों की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आठ मवेशियों के साथ दोनों आरोपितों को पकड़ लिया गया।
कागजात मांगते ही नहीं दे सके जवाब
पुलिस ने जब मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो दोनों आरोपित कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में झारखंड से मवेशियों को लाकर बीरभूम और मुर्शिदाबाद के रास्ते बांग्लादेश सीमा की ओर ले जाने की योजना का खुलासा हुआ।
तस्करी के पीछे कौन, पुलिस खंगाल रही नेटवर्क
पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच का दायरा मवेशियों के स्रोत, परिवहन के रास्ते और इस कथित तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को गुरुवार सुबह रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया।
![]()





