बड़ी काली मंदिर में दूसरे दिन हुआ रुद्राभिषेक, श्रद्धालुओं के बीच बंटा महाप्रसाद
Jharkhand News

बड़ी काली मंदिर में दूसरे दिन हुआ रुद्राभिषेक, श्रद्धालुओं के बीच बंटा महाप्रसाद
तारापीठ के पुटू महाराज और नीलकंठ बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कराया पूजन, हजारों भक्तों ने ग्रहण की खिचड़ी
बरहरवा। रिपोर्ट : अनिकेत कुमार,
बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के काली तल्ला स्थित सार्वजनिक श्री श्री बड़ी काली मंदिर में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक काली पूजा उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारापीठ से पहुंचे पुटू महाराज एवं नीलकंठ बाबा ने पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजन कराया।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के महासचिव अमन राय यजमान के रूप में शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार किया। रुद्राभिषेक के बाद मां काली की विशेष आरती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद मंदिर परिसर में महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया। इसमें हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों ने बताया कि 8 नवंबर को मध्य रात्रि 12:05 बजे से वार्षिक काली पूजा प्रारंभ होगी। वहीं, 9 नवंबर को महाआरती, महाप्रसाद वितरण और मेले का आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से पूजा उत्सव में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।
![]()




