साहिबगंज के पहलवान सत्यम कुमार का हरियाणा साई कुश्ती केंद्र में चयन
साहिबगंज के पहलवान सत्यम कुमार का साई आवासीय कुश्ती केंद्र भिवानी में चयन, जिले का बढ़ाया मान

साहिबगंज जिले के युवा पहलवान सत्यम कुमार ने कुश्ती के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है. पुरानी साहेबगंज निवासी सत्यम का हरियाणा के भिवानी स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के आवासीय कुश्ती बालक प्रशिक्षण केंद्र के लिए अंतिम रूप से चयन हुआ है. इस चयन के साथ ही सत्यम के लिए कुश्ती में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का नया रास्ता खुल गया है. चयन के बाद सत्यम भिवानी के लिए रवाना हो गये हैं, जहां उन्हें निःशुल्क आवासीय सुविधा के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा.

साहिबगंज में सीखा दांव-पेंच, अब भिवानी में निखरेगा हुनर
सत्यम कुमार चांद भैरव इनडोर स्टेडियम, साहिबगंज में खेल विभाग की ओर से संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र के प्रशिक्षु रहे हैं. यहां उन्होंने कुश्ती कोच प्रकाश सिंह बादल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया. निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के दम पर सत्यम ने साई के प्रतिष्ठित आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में अपनी जगह पक्की की है.
भिवानी में अब उन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने खेल को और धार देने का अवसर मिलेगा. सत्यम का लक्ष्य कुश्ती में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करना है. उनकी इस उपलब्धि से साहिबगंज के युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
खेलो इंडिया केंद्र से लगातार निकल रहीं कुश्ती की प्रतिभाएं
साहिबगंज में खेल विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है. इस केंद्र से पूर्व में भी कई खिलाड़ियों का चयन जेएसएसपीएस अकादमी, रांची और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कुश्ती सेंटर, रांची के लिए हो चुका है. अब सत्यम का हरियाणा के भिवानी स्थित साई केंद्र में चयन जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है.
अधिकारियों और खेल संघों ने जतायी खुशी
सत्यम कुमार के चयन पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित साहिबगंज जिला ओलंपिक संघ, जिला कुश्ती संघ और जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है. सभी ने सत्यम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जतायी कि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे चलकर जिले और राज्य का गौरव बढ़ायेंगे.
![]()




