राजमहल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक,टीकाकरण पर जोर
राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीकाकरण पर विशेष जोर

राजमहल:- स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक हुई. उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया गया. मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण और संस्थागत प्रसव को लेकर विशेष रणनीति पर चर्चा हुई. वहीं, निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.
स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर कसा गया फोकस
बैठक में नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन की बिंदुवार समीक्षा की गई. विभिन्न कार्यक्रमों की उपलब्धियों और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.

गर्भवती महिलाओं की निगरानी और पूर्ण टीकाकरण पर जोर
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. स्वास्थ्य कर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निगरानी करते हुए योजनाओं का लाभ योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया.
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए समन्वय जरूरी : डॉ. उदय टुडू
उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें. उन्होंने अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.
बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों की रही भागीदारी
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ), विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के पर्यवेक्षक, एएनएम, एमपीडब्ल्यू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
![]()




