रामनगर धर्मकांटा के पास हादसा, मछली बेचकर घर लौट रहा था विक्रेता; पुलिस ने ट्रक जब्त किया
Jharkhand News

केशव तिवारी की रिपोर्ट,
बरहरवा । बरहरवा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को रामनगर धर्मकांटा के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मछली विक्रेता घायल हो गया। घायल की पहचान साहेबडांगा मिर्जापुर निवासी जहरूल शेख (45), पिता यासीन शेख के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया।
मछली बेचकर लौट रहा था घर, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जहरूल शेख बरहरवा में मछली बेचने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रामनगर धर्मकांटा के पास बरहरवा से फरक्का की ओर जा रहे ट्रक से उसकी बाइक की टक्कर हो गयी। बताया जाता है कि ट्रक बरहरवा में सीमेंट उतारने के बाद फरक्का की ओर जा रहा था। इसी बीच हादसा हो गया और बाइक सवार घायल हो गया।

घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक (नंबर JH16J4820) को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()




