
प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
सीओ के मुआवजे के आश्वासन पर हटा जाम, सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें
घाघरा, गुमला। नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की देर रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत के विरोध में बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने घाघरा-नेतरहाट-रांची मुख्य पथ को जाम कर दिया। सुबह करीब 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक चले जाम के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए बॉक्साइट ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही से परिचालन को जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि क्षेत्र में बॉक्साइट ट्रक तेज गति से चलते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने ट्रकों की नियमित जांच करने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई।
सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह और अंचलाधिकारी सुशील कुमार खाखा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान सीओ ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने दोपहर करीब तीन बजे जाम हटा लिया और सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी
गौरतलब है कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार राज लोहरा और दुर्गेश ठाकुर की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, बॉक्साइट ट्रकों की गति नियंत्रित करने, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
![]()




