सत्य साईं नर्सिंग इंस्टीट्यूट में बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम के तृतीय बैच का शुभारंभ


विश्रामपुर/पलामू:-पलामू जिले के नौगढ़ा स्थित सत्य साईं नर्सिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत बीएससी नर्सिंग, जीएनएम एवं एएनएम के तृतीय बैच के शुभारंभ के अवसर पर ओरिएंटेशन सह इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, नर्सिंग शिक्षा, अनुशासन, नियमों तथा नर्सिंग पेशे की जिम्मेदारियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के चेयरमैन डॉ. नितेश कुमार पाठक ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा, करुणा, समर्पण और संवेदनशीलता से जुड़ा महान दायित्व है। नर्स मरीज और चिकित्सक के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए ज्ञान, कौशल और मानवीय संवेदनशीलता का होना आवश्यक है।
ओरिएंटेशन सह इंडक्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नर्सिंग सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की दी गई सीख
वहीं, संस्थान के प्राचार्य प्रांजल पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय की पाबंदी और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर बेहतर स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
![]()




