महाराजपुर में रेल ट्रैक से 13 मीटर दूर पहुंची गंगा की धारा, आठ घंटे का ब्लॉक
कटावरोधी कार्य के लिए रेलवे ने संभाला मोर्चा, 12 ट्रेनें रद्द और तीन एक्सप्रेस का बदला मार्ग

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज-तीनपहाड़ रेलखंड पर गंगा का कटाव अब रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गया है। महाराजपुर डाउन लाइन के समीप लगातार बढ़ रहे कटाव के कारण गंगा की धारा रेलवे ट्रैक से महज 13 मीटर दूर रह गयी है। स्थिति को देखते हुए रेल प्रशासन ने ट्रैक की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाया है। कटावरोधी कार्य के लिए आठ घंटे का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन रद्द करने के साथ कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
मालदा रेल मंडल के एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य की निगरानी में रेलवे की टीम कटावरोधी कार्य में जुटी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद तकनीकी शाखा की रिपोर्ट और रेल मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद ट्रेनों के परिचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

गंगा की धारा 13 मीटर दूर पहुंचने से बढ़ी चिंता
महाराजपुर डाउन लाइन के समीप तेज हुए कटाव से रेलवे की चिंता बढ़ गयी है। नदी की धारा अब रेल पटरी के बेहद करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में ट्रैक की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मौके पर रेलवे के तकनीकी अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और कटाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्य कराया जा रहा है।
सोमवार शाम से राहत कार्य में जुटी टीम
कटाव की स्थिति सामने आने के बाद सोमवार शाम से ही रेलवे की टीम राहत और सुरक्षा कार्य में जुटी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने और कई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
मौके पर गंगा पंप नहर के कार्यपालक अभियंता प्रेम सोरेन भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि रेलवे के तकनीकी सहयोग के अनुरोध पर उनकी टीम कटावरोधी कार्य में सहयोग कर रही है। एईएन वेदव्यास शरण समेत रेलवे के कई अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं।
30 सितंबर को ये ट्रेनें रद्द रहीं
कटावरोधी कार्य और सुरक्षा को देखते हुए 30 सितंबर को निम्न ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है:
- 63401 साहिबगंज–मालदा टाउन मेमू
- 63421 आजीमगंज–साहिबगंज मेमू
- 63411 साहिबगंज–भागलपुर मेमू
- 63063 बर्द्धमान–साहिबगंज मेमू
- 53411 बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर
- 13427 हावड़ा–साहिबगंज एक्सप्रेस
- 63405 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू
- 63402 मालदा टाउन–साहिबगंज मेमू
- 63422 साहिबगंज–आजीमगंज मेमू
- 63412 भागलपुर–साहिबगंज मेमू
- 63064 साहिबगंज–बर्द्धमान मेमू
- 53412 साहिबगंज–बरहरवा पैसेंजर
तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया मार्ग
13106 बलिया–सियालदह एक्सप्रेस और 13020 काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को मुंगेर–भागलपुर–बांका–देवघर–जसीडीह बाईपास मार्ग से चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव भागलपुर और देवघर में रहेगा।
वहीं 13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस को किऊल–झाझा–आसनसोल के रास्ते परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ
53029 आजीमगंज–भागलपुर पैसेंजर का आंशिक समापन बरहरवा में किया जाएगा। वहीं 53403 रामपुरहाट–गया पैसेंजर और 13409 मालदा टाउन–किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ साहिबगंज से किया जाएगा।
रेलवे की प्राथमिकता फिलहाल ट्रैक की सुरक्षा और कटाव को नियंत्रित करना है। कटावरोधी कार्य पूरा होने के बाद तकनीकी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट और रेल मार्ग की स्थिति के आधार पर ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य करने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
![]()





