आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची जारी,30 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
pakur news

कोटालपोखर संवाददाता। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2.0 के तहत बरहरवा प्रखंड के लाभुकों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। आवास प्लस 2.0 सर्वे-2024 के आधार पर तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची को ग्रामसभा से अनुमोदन मिलने के बाद सार्वजनिक कर दिया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश के अनुसार सभी पंचायतों में स्वीकृत और अस्वीकृत लाभुकों की सूची पंचायत भवन एवं पंचायत सचिवालय में चस्पा कर दी गई है।

पंचायत भवन में देख सकेंगे अपना नाम
प्रखंड प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे संबंधित पंचायत के पंचायत भवन अथवा सचिवालय पहुंचकर सूची में अपना नाम और लाभुक की स्थिति की जांच कर लें। इससे पात्रता एवं सूची में दर्ज विवरण को लेकर किसी तरह की जानकारी समय रहते प्राप्त की जा सकेगी।
पात्रता या नाम में गलती पर कर सकेंगे आपत्ति
बीडीओ के अनुसार, सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद यदि किसी व्यक्ति को नाम, पात्रता अथवा लाभुक की स्थिति को लेकर आपत्ति है, तो वह निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। इसी प्रकार किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होने या किसी लाभुक को गलत तरीके से अस्वीकृत किए जाने की स्थिति में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
12 से 30 सितंबर तक जमा होगा आवेदन
दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए संबंधित व्यक्ति को बरहरवा प्रखंड कार्यालय स्थित आवास शाखा के कंट्रोल रूम में कार्यालय अवधि के दौरान लिखित आवेदन देना होगा। इसके लिए 12 सितंबर से 30 सितंबर तक की अवधि निर्धारित की गई है।
अंतिम तिथि के बाद नहीं लिया जाएगा संज्ञान
प्राप्त दावा-आपत्तियों की संबंधित स्तर पर जांच की जाएगी। बीडीओ सन्नी कुमार दास ने ग्रामीणों से कहा है कि वे जल्द से जल्द पंचायत भवन जाकर सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित समय के भीतर आवेदन जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर के बाद प्राप्त होने वाली दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए लाभुक अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
![]()





