तीनपहाड़ स्टैंड बैंक मोड़ पर बड़ा हादसा टला: 12 चकिया वाहन का ब्रेक फेल,ऑटो से टक्कर
ढलान पर नियंत्रण खोने से पीछे लुढ़का वाहन, स्कूल के पास खड़े खाली ऑटो से टकराया; कोई हताहत नहीं,पुलिस जांच में जुटी

कोटालपोखर संवाददाता, तीनपहाड़।
तीनपहाड़ स्टैंड बैंक मोड़ पर बुधवार को उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सामान लदा 12 चकिया वाहन अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन संख्या CG 04 MD 9067 बभनगामा मोड़ की ओर से हाथीगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान स्टैंड बैंक मोड़ के समीप चढ़ाई पर मोड़ लेते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया।

ब्रेक फेल होते ही वाहन आगे बढ़ने के बजाय पीछे की ओर लुढ़कने लगा और कुछ दूरी तक अनियंत्रित होकर पीछे जाता रहा। इसी दौरान वाहन विद्यालय के समीप खड़े एक ऑटो से जा टकराया।
गनीमत रही कि टक्कर के समय ऑटो खाली था और उसमें कोई सवार मौजूद नहीं था। यदि ऑटो में यात्री होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना के एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
![]()




