ट्रेन हादसे में बेटा की दर्दनाक मौत, मां की मौत की खबर के बाद घर में छाया मातम
मां की मौत की खबर के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी में निकले बेटे की ट्रेन हादसे में मौत,गांव में मातम


कोटालपोखर संवाददाता। फरक्का-मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निमतीता शेखपुरा गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अस्पताल में भर्ती मां की मौत की सूचना मिलने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए निकले बेटे की ट्रेन हादसे में मौत हो गई। इस दोहरी त्रासदी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखपुरा गांव निवासी 60 वर्षीय सेलिना बीबी की गुरुवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जंगीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब एक बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर से परिवार पहले ही सदमे में था।
इसी बीच शुक्रवार सुबह मां के शव को घर लाने और अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए 30 वर्षीय बेटा अहसान अली निमतीता रेलवे स्टेशन पहुंचा था। बताया जाता है कि स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने के दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों और रेलवे पुलिस की मदद से घायल अहसान अली को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस तरह एक ही दिन में मां और बेटे दोनों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।
परिवार के सदस्य बैदुल अली ने बताया कि अहसान अली सुबह घर लौटने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर मिली, जिसने सभी को तोड़ कर रख दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जंगीपुर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे बेहद हृदयविदारक घटना बता रहे हैं।
![]()




