गिरिडीह। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को झंडा मैदान, गिरिडीह में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए अंतिम परेड पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल, महिला एवं पुरुष पुलिस जवानों, गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित कई प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड दलों ने अनुशासन, कदमताल एवं बेहतर समन्वय के साथ अभ्यास किया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं समेत समारोह स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा स्वच्छता, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक यात्रा, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। समारोह में अनुशासन, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परेड में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आत्मविश्वास, उत्साह एवं देशप्रेम के साथ अपना शत-प्रतिशत योगदान देने की अपील की।
उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान एवं गरिमा के साथ फहराने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा वीआईपी एवं आम नागरिकों की आवाजाही के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, परेड प्रभारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।