राँची संवाददाता।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नीट परीक्षा को लेकर राजनीति कर रहा है, जबकि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर पूरी तरह चुप है।
शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रघुवर दास ने कहा कि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं और उन्हें झारखंड के युवाओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, झामुमो, राजद, आम आदमी पार्टी और वामदलों पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया।
रघुवर दास ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में सामने आई कथित अनियमितताओं पर कांग्रेस की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य सरकार से जिम्मेदार लोगों के इस्तीफे की मांग क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में एक साथ कई प्रतियोगी परीक्षाएं स्थगित होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई मामलों में परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर खामियां सामने आई हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में लगी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में एक ब्लैकलिस्टेड एजेंसी को काम दिए जाने पर भी सवाल उठाया और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
उन्होंने उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि दौड़ के दौरान 19 युवाओं की मौत और सैकड़ों के घायल होने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाती है।
रघुवर दास ने राहुल गांधी से झारखंड के युवाओं से माफी मांगने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने की पहल करने की मांग की।