पाकुड़। शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के शहादत दिवस पर उनके परिजनों को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों ने मांग उठाई कि अमरजीत बलिहार के साथ शहीद हुए अन्य जवानों की भी प्रतिमाएं स्थापित की जाएं।
मुख्य समारोह के उपरांत सभी ने शहीद अमरजीत बलिहार चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई 2013 को दुमका से डीआईजी की बैठक से लौटने के दौरान दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनी गांव में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर हमला किया गया था। इस हमले में एसपी अमरजीत बलिहार सहित कुल छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। शहीद होने वालों में एसपी अमरजीत बलिहार, चालक अशोक कुमार श्रीवास्तव, अंगरक्षक चंदन थापा, पुलिसकर्मी मनोज कुमार हेम्ब्रम, संतोष मंडल और राजीव कुमार शामिल थे।
पाकुड़ पुलिस और स्थानीय जनता प्रत्येक वर्ष इस शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर याद करती है। इस मौके पर मौजूद एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने सभी शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके सम्मान को सर्वोपरि बताया।