पाकुड़। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के कालिकापुर स्थित बंद पड़ी बीड़ी फैक्ट्री के पीछे तालाब के पास छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ लोग वहां नशा कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान शेख (37 वर्ष), पिता नौसाद शेख, ग्राम सेकपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो सिगरेट के डिब्बों में सिल्वर फॉयल में लिपटा हुआ 29 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 6.37 ग्राम) और 2100 रुपये नकद बरामद किए गए।
इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 147/2026, दिनांक 16 जून 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(b) एवं 22(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में नगर थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।