कथारा:
श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह ने झारखंड के जननायक माधव लाल सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य और गोमिया क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि शीर्ष सदन के सदस्य रहने के बावजूद माधव लाल सिंह हमेशा आम आदमी की तरह जीवन जीते थे, यही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।
अजय सिंह ने कहा कि गोमिया विधानसभा की जनता उन्हें सिर्फ नेता नहीं, बल्कि अपना अभिभावक मानती थी। वे समर्थकों के लिए शक्ति और ऊर्जा का स्रोत थे तथा उनकी कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं रहा। गरीब, लाचार और उपेक्षित लोगों की सेवा करना उनके जीवन का मूल उद्देश्य था।
उन्होंने आगे कहा कि माधव लाल सिंह कार्यकर्ताओं को हमेशा सम्मान देते थे और उनके सुझावों को गंभीरता से लेते थे। जिस भी मिशन में वे आगे बढ़े, उसमें सफलता-असफलता की परवाह किए बिना पूरी दृढ़ता के साथ डटे रहते थे। वे अधिकांश कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से नाम से जानते थे, जो उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाता था।
अजय कुमार सिंह ने कहा कि माधव लाल सिंह का निधन सामाजिक दृष्टि से एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका पूरा जीवन सेवा और समर्पण का उदाहरण रहा। विधायक और मंत्री जैसे उच्च पदों पर रहते हुए भी उन्होंने कभी अहंकार नहीं किया और हमेशा सही रास्ते पर चलते रहे।
अंत में उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक व्यक्त करने वालों में चंद्रशेखर प्रसाद, आशीष चक्रवर्ती, रंजय कुमार सिंह, विजय यादव, रणजीत सिंह, देवाशीष आश, कमल कांत सिंह, सूर्यकांत त्रिपाठी, संतोष सिन्हा, अमनदीप सिंह, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद नसीम, गोपाल राम, संदीप रवानी, विजय नायक, अर्जुन चौहान, भीखम कुमार, पिंटू कुमार सहित कई लोग शामिल रहे।