मुंगेर जिले के लिए गर्व का विषय है कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और खेल प्रमोटर हरिमोहन सिंह को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आरा भोजपुर में 5 एवं 6 मई 2026 को आयोजित केंद्रीय विद्यालय बिहार रीजनल खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 में टेक्निकल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
हरिमोहन सिंह इससे पहले खो-खो वर्ल्ड कप में भारत की ओर से इंटरनेशनल स्पोर्ट्स प्रमोटर एवं इन्फ्लुएंसर के रूप में भाग ले चुके हैं। साथ ही वे बिहार बालिका खो-खो टीम के प्रशिक्षण कैंप में असिस्टेंट कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। यह नियुक्ति खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 से पूर्व बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा की गई थी।
उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कोच, रेफरी, तकनीकी अधिकारी एवं चयनकर्ता के रूप में कई राज्यों में अपनी सेवाएं दी हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
पिछले 12 वर्षों से हरिमोहन सिंह मुंगेर में खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। वे सामान्य और दिव्यांग खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर मुंगेर जिला प्रशासन, खेल संगठनों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।