लातेहार:छिपादोहर थाना कांड संख्या 11/26 (दिनांक 14.03.2026) में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ के बाद मिरचैया जंगल से भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र और जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में मृत्युंजय भुईयां उर्फ फरेश भुईयां उर्फ अवधेश जी उर्फ दिलीप भुईयां (उम्र 42 वर्ष, निवासी नावाडीह, थाना छिपादोहर) एवं बब्लु राम उर्फ बब्लुराम चन्द्रवंशी उर्फ रोहित चंद्रवंशी (निवासी नीरखपुर, थाना किंजर, जिला अरवल, बिहार) शामिल हैं।
दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए मिरचैया जंगल में हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखने की जानकारी दी।
अभियुक्तों की निशानदेही पर गठित छापामारी दल ने गारु थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियारों को बरामद किया।
बरामद सामग्री:
मृत्युंजय भुईयां की निशानदेही पर:
- एक इंसास राइफल
- 5.56 बोर के 70 जिंदा कारतूस
- इंसास राइफल के 3 मैगजीन
- एक पोच
👉 बब्लु राम की निशानदेही पर:
- एक सेमी राइफल
- 30-06 बोर के 77 जिंदा कारतूस
- एक 30 कारबाइन राइफल
- कारबाइन के 23 जिंदा कारतूस
- दो चितकबरे रंग के पोच
इस कार्रवाई के लिए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था, जिसमें छिपादोहर, गारु, बारेसांड और महुआडांड़ थाना के प्रभारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।