लातेहार:नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के तहत शनिवार 14 मार्च 2026 को समाहरणालय सभागार में नगर पंचायत लातेहार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों—संतोष रंजन और गुड़िया सिन्हा—ने नामांकन दाखिल किया। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई।
निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में लातेहार नगर पंचायत के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान कराया गया। मतदान के बाद मतगणना में संतोष रंजन को कुल 9 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी गुड़िया सिन्हा को 6 मत मिले। इस प्रकार संतोष रंजन 3 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए।
इसके बाद अपर समाहर्ता रामा रविदास ने संतोष रंजन को विजयी प्रमाण पत्र प्रदान किया और उन्हें उपाध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।