पाकुड़, सोमवार। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सामग्री कोषांग, मतपत्र कोषांग एवं निर्वाची पदाधिकारी कोषांग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मतपत्रों एवं चुनाव सामग्री की प्राप्ति के बाद उनका सही तरीके से मिलान और सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर त्रुटियों का कारण बन सकती है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बंडल, पैकेट एवं संबंधित अभिलेखों का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि कई बार बंडल बाहर से सही प्रतीत होता है, लेकिन उसके अंदर मतपत्रों के नाम, संख्या या श्रेणी में त्रुटि रह सकती है। इसलिए केवल बाहरी जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि अंदर की सामग्री का भी बारीकी से सत्यापन अनिवार्य है। यदि किसी बंडल में मतपत्रों की संख्या या विवरण में अंतर पाया जाता है, तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को क्रॉस-चेकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव कार्य में छोटी से छोटी त्रुटि भी बड़ी समस्या का कारण बन सकती है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
उन्होंने सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।