बरहरवा। राजमहल शहर के नीलकोठी क्षेत्र में अग्निशमन दल द्वारा जागरूकता के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने अथवा किसी अन्य कारण से आग की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बरतते हुए सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाने की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने पर प्राथमिक स्तर पर किए जाने वाले बचाव उपायों का प्रदर्शन किया। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि आग की सूचना तुरंत विभाग की हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते दमकल टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर सके और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
मौके पर प्रधान अग्नि चालक प्रकाश यादव ने बताया कि दमकल गाड़ियां आकार में बड़ी होती हैं, जिसके कारण तंग और संकरी गलियों में पहुंचने में कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में दमकल वाहनों के पहुंचने के रास्ते में खड़ी मोटरसाइकिल, चारपहिया वाहन, बस अथवा अन्य वाहनों को तुरंत हटा देना चाहिए, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और आग पर शीघ्र काबू पाया जा सके।
इस अवसर पर दमकल विभाग के प्रधान अग्नि चालक प्रकाश यादव, अग्नि चालक रवि रंजन एवं ऋतिक कुमार तिवारी के अलावा स्थानीय नागरिक संजीव गौरव, प्रेम प्रकाश साहा, पप्पू साहा, सोनू घोष, शंकर घोष, गुड्डू साहा, बच्चन साहा, संजय शाह सहित अन्य लोग मौजूद थे।