गोमिया:- बेरमो अनुमंडल के गोमिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस ने पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित कई होटल और लॉजों में छापेमारी की। यह अभियान सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार, आईईएल थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि पब्लिक की ओर से लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ होटल और लॉजों में अनैतिक कार्य हो रहे हैं। इसी आधार पर बोकारो पुलिस कप्तान के निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी लॉजों के रजिस्टर की जांच की, लेकिन किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु या गतिविधि के साक्ष्य नहीं मिले।
इंस्पेक्टर ने सभी होटल संचालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां पाई गईं तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें, पूर्व में भी गोमिया में इस तरह के अभियान चलाए जा चुके हैं।