एक पल में खत्म हुई जिंदगी: लातेहार में बिजली गिरने से दो की मौत
महुआ पेड़ बना मौत का कारण! वज्रपात से दो युवकों की जान गई

लातेहार, प्रतिनिधि। जिले के ललमटिया डैम में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नवाडीह लोटो निवासी दिनेश भुइया (26 वर्ष), पिता सुरेंद्र भुइया तथा मुकेश भुइया (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ईचाक पंचायत के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक डैम क्षेत्र बकरी चराने गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। पानी से बचने के लिए दोनों पास स्थित एक महुआ पेड़ के नीचे चले गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में मजदूर यूनियन संघ के नेता दिलेश्वर कुमार यादव ने बताया कि वे हम लोग भी लालमटिया डैम घूमने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बिजली कड़की और हालात बेकाबू हो गए। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति पहले से ही महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। दोनों को आनन-फानन में लातेहार सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
![]()



