बोरियो में उर्वरक दुकानों की जांच,कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में स्टॉक व वितरण पंजी का हुआ भौतिक सत्यापन


साहिबगंज/कोटालपोखर। उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर रोक लगाने के उद्देश्य से बोरियो प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक दुकानों का विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने किया, जिसके तहत विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तथा रिकॉर्ड से मिलान किया गया। इसके साथ ही वितरण पंजी, पीओएस मशीन और स्टॉक रजिस्टर की भी विस्तृत जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसानों को उर्वरक का वितरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है या नहीं।
जांच के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर आत्मा के बीटीएम अनुपम हांसदा एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी जोसेफ टुडू भी मौजूद रहे।
कृषि विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि उर्वरक वितरण में अनियमितता, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी कहा कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
![]()




