पाकुड़ नगर परिषद बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर लगी मुहर,पांच पार्षदों का बहिष्कार
सड़क, नाली, बोरिंग व छठ घाट विकास समेत कई योजनाएं स्वीकृत, मतभेद भी आए सामने


पाकुड़। नगर परिषद बोर्ड की बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से जुड़ी विकास योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 16वें वित्त आयोग की राशि से जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नाली निर्माण, बोरिंग, छठ घाट के विकास, मार्केट कॉम्प्लेक्स सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी प्रमुखता से उठाया।
हालांकि बैठक के दौरान पांच पार्षदों ने इसका बहिष्कार कर दिया। बहिष्कार के कारण उनके संबंधित वार्डों की योजनाओं पर चर्चा एवं स्वीकृति नहीं हो सकी। इस घटनाक्रम से बोर्ड बैठक में मतभेद की स्थिति भी देखने को मिली।
नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में शहरी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद शहर में सड़क, जल निकासी और अन्य सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
![]()




