गिरिडीह। सिख धर्म के आठवें गुरु, श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गिरिडीह स्थित मुख्य गुरुद्वारा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ गुरुपर्व मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सिख समाज के श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गुरुद्वारा में शबद-कीर्तन, अरदास एवं गुरबाणी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर गुरु हरकिशन साहिब जी के जीवन, त्याग, सेवा और मानवता के प्रति उनके महान संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। श्री गुरु सिंह सभा गिरिडीह के प्रधान सेवक डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया ने कहा कि गुरु हरकिशन साहिब जी ने अल्पायु में ही मानव सेवा और परोपकार की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के उपरांत लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सिख समाज के साथ-साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, सचिव नरेंद्र सिंह शममी, डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, सरदार कुंवरजीत सिंह, सरदार परमजीत सिंह दुआ, सरदार भूपेंद्र सिंह दुआ, सरदार मंजीत सिंह सलूजा, सरदार देवेंद्र सिंह सहित सिख समाज के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।