मनिका (लातेहार):मनिका प्रखंड मुख्यालय में लगभग 40 वर्षों से उपयोग में आ रही एक महत्वपूर्ण सड़क पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है।कांग्रेस जिला महासचिव मिथिलेश पासवान ने आरोप लगाया है कि जेसीबी मशीन से सड़क को काटकर उस पर बाउंड्री कर कब्जा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क हरिजन मोहल्ला स्थित सामुदायिक भवन से शुरू होकर शुकुल बैगा के घर होते हुए रामधनी साहू के घर तक जाती है और आगे बाईपास पीसी रोड से जुड़ती है। यह मार्ग वर्षों से आम जनता के आवागमन का प्रमुख साधन रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक भूमाफियाओं द्वारा इस सड़क को काटकर घेराबंदी की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गैरकानूनी है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर रूपेश कुमार, बैजनाथ पासवान, चंदन पासवान, मंजय पासवान, विशाल पासवान, रमेश पासवान, सरवन पासवान, जितेंद्र प्रसाद, सुशील कुमार, अजीत कुमार, रोहित कुमार, रमेश राम, जितेंद्र बैग, किशन पासवान, संजय पासवान, संतोष पासवान, बालेश्वर मांझी, रेसर यादव, रंजीत पासवान और गुड्डू कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।