- लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने पर जोर
पाकुड़:पाकुड़ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सांसद निधि योजना एवं विधायक निधि योजना के तहत संचालित तथा लंबित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित डीसी विपत्रों की स्थिति पर भी चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि दोनों योजनाएं जनहित और क्षेत्रीय विकास से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए और सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि विधायक निधि एवं सांसद निधि के तहत पूर्ण हो चुके कार्यों के डीसी बिल और उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) शीघ्र जमा किए जाएं, ताकि लंबित भुगतान और प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें। साथ ही संबंधित विभागों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल सके।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।