पाकुड़, 15 फरवरी 2026: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में रविवार को मंडलकारा पाकुड़ में जेल अदालत सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडे के निर्देश पर सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख, संजीव कुमार मंडल, सहायक गंगाराम टुडू, अज़फर हुसैन विश्वास एवं जेल प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों ने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। बंदियों को उनके अधिकारों, मुफ्त अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तथा प्राधिकार से मिलने वाले अन्य कानूनी लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। विचाराधीन बंदियों के मामलों की पैरवी के लिए अधिवक्ताओं की उपलब्धता को लेकर भी जानकारी एकत्र की गई।
साथ ही आयोजित मेडिकल कैंप में बंदियों का बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य टीम द्वारा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालय कर्मी, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स तथा मेडिकल टीम के सदस्य उपस्थित रहे।