तेनुघाट: तेनुघाट न्यू मार्केट स्थित ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता जी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय दिव्य एवं भव्य धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर गंगा आरती, सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं सवा लाख महामृत्युंजय मंत्र जाप के उपरांत संध्या काल में वृंदावन से पधारे श्री राधा बिहारी शरण जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण प्रवचन किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन पूर्णाहुति एवं हवन संपन्न हुआ, जिसके पश्चात कन्या पूजन एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं कुटुंबजनों की उपस्थिति में विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गंगा आरती एवं पूर्णाहुति बनारस स्थित काशी विश्वनाथ धाम से पधारे आचार्य रामफल जी एवं विद्वान ब्राह्मणों द्वारा संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान गोमिया स्थित अनाथ आश्रम महेर संस्था से आए सैकड़ों बेसहारा बच्चों के बीच स्कूल बैग एवं स्वेटर का वितरण किया गया। साथ ही वृद्ध महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल वितरित किए गए। महेर संस्था के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर मंत्री का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, तेनुघाट पंचायत मुखिया नीलम श्रीवास्तव, घड़ावतांड पंचायत मुखिया रेखा देवी, अरविंद मुर्मू, चांपी पंचायत मुखिया नीलम रीता देवी, पंचायत समिति सदस्य यशोदा देवी, कौसर हाशमी, अर्जुवा पंचायत मुखिया सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजनकर्ताओं दीपक गुप्ता एवं दयाशंकर गुप्ता ने बताया कि उनकी माता जी का 29 जनवरी 2025 को महाकुंभ जाने के दौरान सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उन्होंने बताया कि उस दुर्घटना में वे स्वयं भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन ईश्वर की असीम कृपा से उनका जीवन बच पाया। इसी भावना के साथ माता जी की स्मृति में इस महायज्ञ का आयोजन किया गया।