मनिका प्रतिनिधि,
लातेहार। जिले के मनिका प्रखंड मुख्यालय में बालू की भारी किल्लत को देखते हुए बालू घाटों के संचालन की जिम्मेदारी पंचायत के मुखिया को सौंपी गई थी। इस निर्णय को आम लोगों, विशेषकर घर और आवास निर्माण कराने वालों ने राहत भरा कदम माना था। बैठक के बाद यह नीति बनाई गई थी कि बालू घाटों से चालान के माध्यम से बालू की आपूर्ति की जाएगी तथा प्रत्येक ट्रैक्टर से 100 रुपये का चालान काटा जाएगा।
इस निर्णय से ट्रैक्टर मालिकों और आम उपभोक्ताओं में खुशी थी कि अब बालू की किल्लत दूर होगी और उचित दर पर बालू उपलब्ध हो सकेगा। लेकिन कुछ ही दिनों में यह व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई। आरोप है कि तय 100 रुपये की जगह ट्रैक्टर चालकों से 150 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।
ट्रैक्टर चालकों का कहना है कि उनसे जबरन अधिक राशि ली जा रही है। शिंजो पंचायत की मुखिया निर्मला देवी पर अवैध वसूली का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी ने इस मामले में संज्ञान नहीं लिया है। इससे लोगों में आक्रोश है और यह चर्चा आम है कि इस अवैध वसूली में किसी बड़े अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है।
इस संबंध में जब मुखिया निर्मला देवी से संपर्क किया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।