रांची/ जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची एवं चक्रधरपुर रेल मंडल के संसद सदस्यों की मंडल समिति की बैठक रांची के एक होटल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने सभी सदस्यों एवं रेल अधिकारियों का स्वागत किया । तत्पश्चात बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई।
बैठक में उपस्थित सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र के रेल संबंधी विषयों को उठाया । जिस पर रेलवे के पदाधिकारियों ने जवाब दिया।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने मुख्य रूप से चक्रधरपुर एवं चांडिल से टाटानगर पहुंचने वाले यात्री ट्रेनों के अत्यधिक विलंब से पहुंचने के संबंध में कहा कि इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियां हो रही है साथ ही साथ आम जनों के अंदर काफी आक्रोश भी है। सांसद ने एक वैकल्पिक सुझाव देते हुए कहा कि वे लंबे समय से चांडिल -बोड़ाम -पटमदा -कटिन- बांदवान होते हुए झाड़ग्राम के लिए नई रेलवे लाइन की मांग कर रहे हैं यदि यह कार्य हो जाता है तो हावड़ा मुंबई रूट जो हमेशा व्यस्त रहती है यह काफी हद तक सामान्य हो जाएगी। यह प्रस्तावित रेल लाईन एक बाईपास का काम करेगी।
सांसद ने कहा कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई है टाटानगर से चलने वाली कई पुरानी ट्रेनों जिसमें मुख्य रूप से दुर्ग – दानापुर,टाटानगर – बक्सर, टाटानगर-थावे,जलियांवाला बाग, टाटा – यशवंतपुर, टाटा-एर्नाकुलम,टाटा – जम्मू तवी एवं टाटा-विशाखापट्टनम ट्रेन शामिल है इसका परिचालन आदित्यपुर से किए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि वह इसका घोर विरोध करते हैं एवं किसी भी हाल में यात्री ट्रेनों को यहां से शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा।
सांसद श्री महतो ने टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत बड़ी संख्या में रेलवे लीज पर बसे दुकानों को विस्थापित करने का मामला भी उठाया एवं कहा कि नियमानुसार उनका पुनर्वास अवश्य किया जाना चाहिए ताकि उनके जीविका पर कोई असर नहीं पड़े।
इसके अतिरिक्त सांसद ने अन्य भी महत्वपूर्ण विषयों को उठाया जिसे रेलवे के अधिकारियों ने अपने संज्ञान में आगे की कार्रवाई के लिए लिया।
मुख्य मांगें इस प्रकार है।
- दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत चांडिल-बोडाम-पटमदा-काटिन-बंदवान होते हुए झाडग्राम के लिए नई रेलवे लाईन के निर्माण- दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत जमशेदपुर, रांची, पुरुलिया सहित झाडग्राम लोकसभा क्षेत्र की एक बहुत बडी आबादी आजादी से लेकर आज तक रेलवे यातायात सुविधा से वंचित है। उक्त क्षेत्र आदिवासी पिछड़ा बाहुल्य क्षेत्र के अन्तर्गत आता है। चांडिल-बोडाम-पटमदा-काटिन-बंदवान होते हुए झाडग्राम के लिए नई रेलवे लाईन को जोड़ दिया जाए तो उक्त सुदुर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिल पाएगी। झाडग्राम और चांडिल (130.5 किलोमीटर) के बीच पटमदा एवं बंदवान होकर एक नई लाईन के लिए इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण किया गया है उसके पश्चात किसी प्रकार की प्रगति नहीं हुई है। विगत एक वर्षों से अधिक समय से देखा जा रहा है कि चक्रधरपुर रेल मंडल के अन्तर्गत चांडिल एवं चक्रधरपुर से टाटानगर तक यात्री ट्रेनों के पहुँचने में काफी विलंब हो रही है। इसके कारण आए दिन यात्रियों की शिकायते प्राप्त हो रही है साथ ही साथ रेल प्रशासन एवं सरकार के प्रति जनता में काफी आक्रोश है। रेल प्रशासन से जानकारी मिलती है कि रेल लाइनों हावड़ा मुंबई रूट के व्यस्त रहने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। अतः इस संबंध में कहना है कि उपरोक्त रेलवे लाइन के निर्माण से इस समस्या के निदान हेतु एक बाइपास रेलवे लाइन का विकल्प उपलब्ध हो सकेगा। अतः जनहित में इसे अविलंब कार्यरूप दिया जाए।
2.ऐसी सूचना प्राप्त हुई है कि टाटानगर स्टेशन से चलने वाली कई पुरानी एवं महत्वपूर्ण ट्रेनों को टर्मिनेट कर उसका परिचालन आदित्यपुर से किए जाने का प्रस्ताव है। जिनमें मुख्य रूप से 1. साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287), 2. टाटा बक्सर एक्सप्रेस (18183), 3. टाटानगर थावे एक्सप्रेस (18181) 4. जालियावाला बाग (18103) 5. टाटा यशवंतपुर (18111) 6. टाटा एरनाकुलम (18189), 7 टाटा जम्मूतवी (18101), 8 टाटा विशाखापक्तनम साप्ताहिक (20815) मुख्य रूप से शामिल है। इस प्रस्ताव से टाटानगर से निरंतर यात्रा करने वाले यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों में गहरा आकोश है। इस संबंध में कहना है कि टाटानगर से चलने वाले महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का परिचालन यथावत रखा जाए। - टाटानगर स्टेशन के रिडेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत बड़ी संख्या में रेलवे लीज के जमीन पर बसे दुकानों , मकानों एवं संस्थानों को विस्थापित किया जा रहा है। इस कारण से बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका एवं नागरिक सुविधा प्रभावित हुई है एवं होने की संभावना है। यह भी जन आक्रोश का एक कारण बन रहा है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के अन्तर्गत अन्य स्थानों पर भी रेलवे का विकास कार्य हुआ है एवं विस्थापन भी हुआ है लेकिन साथ ही साथ नियमानुसार उनका पुर्नवास (विशेष कर लीज धारकों का) किया गया है। अतः टाटानगर रेलवे क्षेत्र अन्तर्गत उन दुकानदारों को रेलवे नियमानुसार पुर्नवास कर अन्य स्थानों में दुकान आवंटित करें ताकि इन दुकानदारों के जीविका पर कोइ असर नहीं पड़े उनका जीविकोपार्जन यथावत होते रहे।
- सालगाझुरी अंडरपास (RUB) का निर्माण कार्य लगभग सम्पन्न हो चुका है, इसे अविलम्ब प्रारंभ किया जाए।
- परसुडीह मकदमपुर के पास रेलवे ओवर ब्रीज (ROB) का निर्माण करें।
- सुन्दरनगर रेलवे क्रॉसिंग पर भी रेलवे ओवर ब्रीज (ROB) का निर्माण करें।
- कुदादा रेल अण्डर पास RUB का निर्माण हो।
- सिदिरसाई हॉल्ट में यात्री सुविधा का विस्तार हो।
9.टाटानगर से दिघा के लिए नई ट्रेन सेवा की शुरूआत की जाएं। - टाटा-काटपाडी से तिरूपति होते हुए बेंगलुरू तक नई ट्रेन सेवा की शुरूआत हो।
- साउथ बिहार एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-13287/13288) बक्सर तक विस्तार हो जो वर्तमान में आरा तक जाती है।
- हावड़ा-जोधपुर ट्रेन नं 12307 को वाया टाटानगर होकर चलाया जाए।
- टाटानगर-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस (18113/18114) ट्रेन का एक्शटेंशन डालटेनगंज तक किया जाएं।
- टाटानगर सेकेंड इंट्री गेट पर फ्री ड्रॉपिंग लेन की सुविधा प्रदान किया जाए।
- चक्रधरपुर से टाटानगर और चांडिल से टाटानगर होकर आने वाली ट्रेनें काफी विलंब से चल रही है इसके लिए स्पष्टिकरण दी जाएं।
- टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (ट्रेन सं० 18103/18102) को पिछले वर्ष की भांति तत्काल प्रारंभ की जाएं।