लातेहार। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर लातेहार नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार वार्डों को अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। साथ ही कुछ वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
सूची के मुताबिक वार्ड संख्या 01, 04, 06, 12 अनारक्षित (अन्य) श्रेणी में रखे गए हैं, जबकि वार्ड संख्या 02, 05, 09 और 15 महिलाओं के लिए अनारक्षित श्रेणी में आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति के लिए वार्ड संख्या 03 (महिला), 07 और 10 आरक्षित किए गए हैं। पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड संख्या 08 तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड संख्या 11 आरक्षित किया गया है। वहीं अनुसूचित जनजाति के लिए वार्ड संख्या 13 (महिला) और 14 आरक्षित हैं।
आरक्षण सूची जारी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। कई इच्छुक उम्मीदवार अपने-अपने वार्ड की स्थिति के अनुसार चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। प्रशासन का कहना है कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार की गई है और इसका उद्देश्य सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना है।