उधवा।बेगमगंज–चांदशहर आरईओ सड़क किनारे मंगलवार को अंचल एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी खास जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई बीडीओ सह अंचल अधिकारी जयंत कुमार तिवारी एवं थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज की उपस्थिति में जेसीबी मशीन के माध्यम से की गई, जिसमें जमीन का समतलीकरण भी कराया गया।
इस संबंध में बीडीओ सह सीओ जयंत कुमार तिवारी ने बताया कि उपायुक्त, साहेबगंज के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त जमीन दानदाता सपन मंडल द्वारा रास्ता निर्माण हेतु झारखंड सरकार को दान दी गई थी। दस्तावेजों के अनुसार यह भूमि झारखंड सरकार के नाम दर्ज है और सरकारी खास जमीन की श्रेणी में आती है।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों कुछ स्थानीय तथाकथित लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से उक्त जमीन पर खुदाई कर गड्ढा बना दिया गया था, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया था। इसको लेकर जमीन दानदाता एवं ग्रामीणों द्वारा उपायुक्त को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाते हुए रास्ते को पुनः सुचारू किया गया।
मौके पर राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक सुशील मरांडी, अंचल अमीन सुदर्शन मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।