लातेहार। जिला मुख्यालय के एक बड़े हिस्से में 30 नवंबर (शनिवार) को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जानकारी देते हुए विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता ने बताया कि शहर के कारगिल पार्क के पास नए पोल और तार लगाने का कार्य किया जाना है। इसी कारण 11 केवी करकट फीडर से बिजली आपूर्ति सुबह से ही रोक दी जाएगी।
कार्यपालक अभियंता के अनुसार, करकट फीडर से जुड़े निम्नलिखित क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली सेवा बाधित रहेगी—
- करकट
- धर्मपुर
- चटनाही
- राजहार
- थाना चौक
- माको
- बाजारटांड़
- शिवपूरी मुहल्ला
श्री मेहता ने कहा कि कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए विभाग क्षमाप्रार्थी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली पर आधारित आवश्यक कार्य सुबह 10 बजे से पहले पूरा कर लें।
उन्होंने बताया कि शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित बिजली सेवा उपलब्ध कराने के लिए नए पोल और तार लगाए जा रहे हैं तथा इस कार्य में सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है।