उधवा। प्रखंड मुख्यालय स्थित पतौड़ा पंचायत में शनिवार को आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयुब अली, मुखिया धनी पहाड़िन और विश्वजीत मंडल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान उपायुक्त हेमंत साती ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने माईयां सम्मान योजना का लाभ ले रही महिलाओं से बातचीत की और उनके अनुभवों की जानकारी ली। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि वे कैंप में लगे विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ अवश्य उठाएं।
कार्यक्रम में स्थानीय स्कूली बच्चों के बीच निःशुल्क साइकिल का वितरण किया गया। वहीं कैम्प में
- बिजली विभाग
- मनरेगा
- जाति, आय एवं निवास प्रमाणपत्र
- आधार कार्ड सुधार
- स्वास्थ्य विभाग
- माईयां सम्मान योजना
- सर्वजन पेंशन
- कृषि विभाग
सहित दर्जनों स्टॉल लगाए गए थे। इनमें सबसे अधिक आवेदन माईयां सम्मान योजना के जमा हुए।
मौके पर अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उदय टुडू, मुखिया भैया किस्कू, जीपीएस जनकदेव यादव, यसीन शेख, फिरोज आलम, खबीर आलम, बाबलू मुर्मू, रफीक आलम सहित कई लोग उपस्थित थे।