पिछले विस चुनाव की अपेक्षा इस बार जेएलकेएम को जनमत में बढ़ोतरी
रांची// घातशिला विधानसभा उपचुनाव— अनुसूचित जनजाति आरक्षित घाटशिला उपचुनाव इस बार राजनीतिक हलकों में विशेष चर्चा का विषय रहा। राज्य सरकार और विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। उपचुनाव में इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन सहित कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।
निर्वाचन पदाधिकारी के मीडिया कोशांक द्वारा जारी हर अपडेट पर पूरे दिन मीडिया और आमजन की निगाह टिकी रही। 20 राउंड की काउंटिंग के हर चरण पर सभी की पैनी नजर बनी रही।
इस उपचुनाव में जहां इंडिया और एनडीए गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला दिखा, वहीं नई पार्टी ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम)’ ने भी इस बार शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा। जेएलकेएम ने अपने पिछले विधानसभा चुनाव के रिकॉर्ड को पछाड़ते हुए इस बार अधिक वोट हासिल किए।
पार्टी संगठन की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव संयोजक देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि “हमारी पार्टी का परफॉर्मेंस सकारात्मक रहा है। हम अपने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हैं और जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे। जनसमस्याओं के समाधान के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। हमें जनता का जनमत स्वीकार है।”
अंतिम परिणाम
- इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन — 1,04,794 मत
- एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन — 66,270 मत
- जेएलकेएम के स्वतंत्र प्रत्याशी रामदास मुर्मू — 11,542 मत (तीसरा स्थान)
पिछले चुनाव में जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू को 8,093 मत मिले थे। इस बार 3,449 मतों की वृद्धि के साथ उन्होंने कुल 11,542 मत हासिल किए।