लातेहार:- लातेहार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पलामू की टीम ने गुरुवार को लातेहार जिला परिषद कार्यालय के बड़ा बाबू संतोष कुमार सिंह को 65 हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी पलामू की टीम की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, छिपादोहर प्रखंड के बरवागड़ा में जिला परिषद की योजना अंतर्गत ठेकेदार संतोष कुमार पांडे द्वारा एक पुल का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद एसडी और टाइम एक्सटेंशन की प्रक्रिया के लिए बड़ा बाबू द्वारा ठेकेदार से रिश्वत की लगातार मांग की जा रही थी।
लंबे समय तक मांग से परेशान ठेकेदार ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने गुरुवार को लातेहार जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी कर संतोष कुमार सिंह को 65 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी से एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।