बरहड़वा, । प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कालीतल्ला में एक्स्ट्रा मार्क्स के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गैर-आवासीय आईसीटी प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक शरद चंद्र दास एवं विक्रम कुमार साह ने शिक्षकों को कंप्यूटर एवं इंटरनेट से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और शिक्षा में तकनीकी संभावनाओं को तलाशना है। प्रशिक्षण के तहत कंप्यूटर की परिभाषा, उपयोग, प्रकार, हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर, इनपुट-आउटपुट प्रोसेस, डाटा, एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, एमएस विंडो सहित कंप्यूटर शिक्षा में आईसीटी की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों का कहना था कि इस पहल से शिक्षक आधुनिक तकनीक का कुशल उपयोग कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। मौके पर प्रशिक्षु शिक्षक सच्चिदानंद झा, विजय कुमार महतो, तरुण कुमार, नसीम अख्तर, रेजा उल अंसारी, दुर्गा चरण साह, सपन सिंह, सैबुर रहमान, रोज मेरी मरांडी, शांति किसकू, सुधा दुबे, मुन्ना रजक, सोरेन मनोज सहित कई अन्य उपस्थित रहे।