पटना।
देशभर से महागठबंधन के नेता सोमवार को पटना पहुंचे, जहां मताधिकार यात्रा के समापन समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। यह उनके लिए विशेष क्षण था, क्योंकि पिता शिबू सोरेन के निधन के बाद यह उनका पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम था।
समारोह के बाद हेमंत सोरेन सीधे 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे और राजद अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस दौरान लालू-राबड़ी परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
लालू-शिबू की दोस्ती का जिक्र
राजनीतिक गलियारों में लालू प्रसाद यादव और शिबू सोरेन की पुरानी दोस्ती को मिसाल माना जाता है। विभाजित बिहार के दौर में शिबू सोरेन विधानसभा के सदस्य रहे थे और उसी समय दोनों नेताओं की नजदीकी ने नई राजनीतिक धारा गढ़ी थी। इसी रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए हेमंत सोरेन ने लालू प्रसाद यादव को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। लालू प्रसाद ने भी हेमंत का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे अपने पिता के अधूरे कार्य पूरे करें। राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी हेमंत को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
रैली में गरजे हेमंत
मताधिकार रैली को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा—
“वोट किसी पार्टी का नहीं, यह देश का होता है। वोट से ही संविधान की रक्षा या उसका विनाश तय होता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में “कुछ चालाक और चतुर लोगों ने सत्ता हथियाई” और अब “फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों के जरिए डराया-धमकाया जा रहा है।
सोरेन ने अपने जेल प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वे जेल नहीं गए होते तो एनडीए झारखंड से लोकसभा की एक भी सीट नहीं जीत पाता।
पलायन रोकने का दावा
हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में झारखंड के विकास और पलायन की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने राज्य से लोगों के पलायन को काफी हद तक नियंत्रित किया है। आगे कहा कि आने वाले समय में वे झारखंड में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराएंगे, ताकि लोगों को रोज़गार के लिए बाहर न जाना पड़े।
सोशल मीडिया पर साझा की भावनाएँ
राबड़ी आवास पर मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से हुई भेंट की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उन्हें लालू प्रसाद यादव का आशीर्वाद मिला और उन्होंने झारखंड के लोगों की सेवा के लिए संकल्प दोहराया।