रांची।
करम पर्व से पूर्व झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ा उपहार देने का निर्णय लिया है। ‘मंईयां सम्मान योजना’ के अंतर्गत लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में 13वीं किस्त के रूप में 2500 रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस संबंध में सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
सरकार का मानना है कि करम पर्व जैसे पारंपरिक त्योहारों पर महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने से उन्हें सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने में सहूलियत होगी। योजना की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभुकों के बैंक खाते में पहुंचाई जाएगी।
गौरतलब है कि ‘मंईयां सम्मान योजना’ झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिसके तहत हर चरण में राज्यभर की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें परिवार एवं समाज में सशक्त भूमिका निभाने हेतु सहयोग देना है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, ताकि करम पर्व से पहले सभी लाभुकों तक यह आर्थिक सहायता पहुंच सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाएं इस योजना से सबसे अधिक लाभान्वित हो रही हैं। वे इस राशि का उपयोग त्योहार की तैयारी, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर पाती हैं।