बरहरवा। पतना प्रखंड के तलबड़िया मैदान में बुधवार को प्रखंड स्तरीय सुब्रोतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-14 बालक वर्ग के साथ-साथ अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए।
अंडर-17 बालक वर्ग में दो विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले में प्लस टू एसएमटी जेडी हाई स्कूल, विशनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आमगाछी की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पतना और उच्च विद्यालय, लखीपुर के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से किया गया। इस मुकाबले में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की टीम ने 4-3 से जीत दर्ज की।
खेल का सफल संचालन बीपीओ मनोहर मंडल, पूर्व खिलाड़ी पैलुस मरांडी, दासो मरांडी, रेफरी मोना मुर्मू, संबंधित विद्यालयों के शिक्षक, सीआरपी एवं अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के सहयोग से संपन्न हुआ।