संवाददाता
लातेहार :- गारू थाना क्षेत्र के कबरी कोटाम गांव निवासी राजू यादव ने अपनी पत्नी की आपसी विवाद में पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उदे्श्य से राजू यादव ने पत्नी के शव को जंगल में ले जा कर जलाने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार गुमला जिला के विशुनपुर थाना क्षेत्र के करवा जंगल मे एक महिला का अधजला शव ग्रामीणो ने देखा। ग्रामीणो ने इसकी सूचना विशुनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर विशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर महिला के शव को बरामद किया। महिला की पहचान सीमा देवी पति राजू यादव के रूप मे हुई। इसके बाद विशुनपुर पुलिस ने इसकी सूचना गारू थाना प्रभारी सोनू कुमार को दी। सूचना पर सोनू कुमार ने आरोपी पति राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार देर शाम विशुनपुर पुलिस गारू पहुंची और आरोपी को अपने साथ गुमला ले गयी। मृतक के मायके वालो ने बताया कि राजू यादव हमेशा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। दोनो की शादी 13 साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही राजू उसके साथ मारपीट करता रहता था।